दुर्ग। जिला भाजयुमो ने शहर में जन सुविधाओं का अभाव बताया है। जिसके लिए नगर निगम को उन्होने जिम्मेदार ठहराया है। जिसके विरोध में सोमवार को निगम महापौर के कक्ष के सामने भाजयुमो ने अनोखा प्रदर्शन कर नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो नेता रितेश शर्मा ने मुंडन कराया और विरोध दर्ज करवाया। श्री शर्मा ने बताया कि पिछले 3 सालों में किसी भी प्रकार का कोई भी निर्माण कार्य नहीं किया गया है। जनता की सुविधाओं की अनदेखी की गई है। शहर के सबसे व्यवस्थित और सबसे सुंदर सड़कों में से एक गौरव पथ की गौरव ही खत्म हो गई है। सड़क के दोनो ओर गड्ढे करके छोड़ दिया गया है। ना उसे भरने का काम हो रहा है,ना ही सौंदर्यीकरण का कोई काम किया जा रहा है। युवाओं से किए गए वादे भी पूरे नहीं किए गए है। श्री शर्मा ने कहा है कि अगर दुर्ग की दुर्दशा जल्द नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में उग्र प्रदर्शन कर विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पार्षद अरुण सिंह,देवनारायण चंद्राकर,भाजपा नेता आशीष निमजे,मनमोहन शर्मा के अलावा भाजयुमो व भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।

Author: mithlabra
