नईदिल्ली । दिल्ली के साकेट कोर्ट में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कोर्ट में गवाही देने आई एक महिला पर उसके पति ने हमला कर दिया। महिला को एक के बाद लगातार 4 गोलियां लगी हैं। फिलहाल महिला को गंभीर अवस्था में एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला के अपने पति के साथ संबंध अच्छे नहीं थे। पति-पत्नी के बीच किसी विवाद को लेकर पहले से कोर्ट में केस चल रहा था। इसी संबंध में महिला आज गवाही देने कोर्ट पहुंची थी। तभी हमलावर पति वकील की ड्रेस पहनकर कोर्ट में पहुंचा और लॉयर्स ब्लॉक के पास आकर महिला पर हमला कर दिया। फिलहाल मामले की जांच में दिल्ली पुलिस जुटी हुई है।
हमले से पहले की थी रेकी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि हमलावर ने पहले से कोर्ट परिसर की रेकी कर रखी थी। उसे पूरे कोर्ट परिसर की जानकारी थी। हमलावर ने बेहद करीब से महिला को गोली मारी। पुलिस को अंदेशा है कि या तो हमलावर ने कोर्ट परिसर में पहले से ही हथियार छुपा रखा था या वकील की ड्रेस पहनने की वजह से सुरक्षाकर्मियों ने उसकी जांच नहीं की। फिलहाल पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है।

Author: mithlabra
